बजट में सबका ध्यान, आत्मनिर्भर हिमाचल की परिकल्पना होगी साकार : निशांत 

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

 युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने दूसरे बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा है। यह बजट अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला और समाज के हर वर्ग को राहत देने वाला है। 

यहां जारी एक प्रैस बयान में निशांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की परिकल्पना की है और प्रदेश सरकार इस दिशा में दृढ़ता एवं तेजी से आगे बढ़ रही है। यह बजट उसी सोच को धरातल पर लाने जैसा है। युकां प्रवक्ता ने कहा कि समृद्ध किसान, हरित एवं स्वच्छ हिमाचल का सपना साकार करने के साथ प्रदेश को बिजली व पर्यटन राज्य बनाना मुख्य रूप से सुक्खू सरकार के एजेंडे में है।

उन्होंने कहा कि कुशल एवं दक्ष हिमाचल, स्वस्थ एवं शिक्षित हिमाचल, निवेशक मित्र हिमाचल, नशा मुक्त व अवैध खनन मुक्त हिमाचल के साथ समृद्ध एवं संपन्न हिमाचल की जो परिकल्पना मुख्यमंत्री ने की है, वो अक्षरशः लागू होगी तथा प्रदेश की जनता उनके साथ है। उन्होंने कहा कि आपदा से उबर रही सुक्खू सरकार ने विपरीत परिस्थितियों में इस बजट में किसी भी वर्ग को निराश नहीं किया है, जोकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरगामी सोच का परिचायक है।

निशांत शर्मा ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों को सशक्त करने की राजीव गांधी की सोच को भी आगे बढ़ाते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन निकायों के जनप्रतिनिधियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी करके इन जनप्रतिनिधियों को भी बड़ी सौगात दी है। विभिन्न विभागों में अस्थायी रूप से नियुक्त हजारों कर्मचारियों के मानदेय में भी वृद्धि करके इन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास इस बजट में किया गया है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh