धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ का समर्थन करते हुए अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए और आम लोगों से भी इससे जुड़ने का आह्वान किया। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों प्रभारी दिनेश शर्मा ,देवराज ने डॉ. वर्मा से मुलाकात कर उन्हें अभियान की जानकारी दी तथा इससे संबंधित पत्रक भी भेंट किया।
अभियान के माध्यम से गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के पत्रक में 27 जुलाई 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ के रूप में याद रखने का आह्वान किया गया है। साथ ही अभियान से जुड़े लोगों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाकर अपनी मांगों और भावनाओं को संबंधित संवैधानिक एवं सरकारी पदाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा और सम्मान हमारी सामाजिक एवं सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गौवंश की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर गंभीर प्रयास करने चाहिए। केवल भावनात्मक जुड़ाव ही नहीं, बल्कि गौवंश के संरक्षण, उचित आश्रय, चारे और देखभाल के लिए व्यावहारिक कदम उठाना भी आवश्यक है।
डॉ. वर्मा ने अभियान से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए आम जनता से अपील की कि वे गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान के इस जनजागरूकता अभियान से जुड़ें और जिम्मेदार नागरिक के रूप में गौवंश के संरक्षण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सामाजिक अभियानों में जनभागीदारी से ही व्यापक बदलाव संभव है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






