धर्मपुर एक्सप्रेस। जाहू
तीन जिलों के संगम स्थल जाहू का सात दिवसीय ऐतिहासिक मेला- ‘मेवा उत्सव’ शुक्रवार को आरंभ हो गया। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार दोपहर बाद करीब 3 बजे स्थानीय पंचायत कार्यालय से उत्सव के आयोजन स्थल तक निकाली गई झंडा यात्रा की अगुवाई करके और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मेवा उत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी शुभारंभ एवं अवलोकन किया। सुरेश कुमार ने बताया कि मेवा उत्सव में इस बार कई नई गतिविधियां शामिल की गई हैं और इसको एक भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।
उत्सव के दौरान तीन सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जा रही हैं, जिसमें हिमाचल प्रदेश के कई मशहूर कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। पहली सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रसिद्ध आर्केस्ट्रा ‘हॉरमनी ऑफ पाइन्स’ रहेगा। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मोहित गर्ग, राखी गौतम और अन्य लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में गौरव कौंडल, कुसुम जस्सी और अन्य कलाकार लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
उत्सव के उदघाटन अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, रोशन लाल शर्मा, पार्टी के अन्य नेता, एसडीएम शशिपाल शर्मा, एएसपी लालमन शर्मा, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह, बीएमओ डॉ. ललित कालिया, सीडीपीओ सुनील कुमार, अन्य विभागों के अधिकारी, स्थानीय पंचायत के पूर्व पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






