पूर्व प्रधान पर एक महिला द्वारा छेड़छाड़ करने के आरोप को प्रतिनिधि मंडल ने बताया निराधार

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

 

हमीरपुर के एनआईटी से सटी देई का नौण पंचायत के करीब दो दर्जन से ऊपर लोग पूर्व प्रधान रंजन के समर्थन में शनिवार को एएसपी हमीरपुर अशोक वर्मा से मिले। प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और पुरुषों ने पंचायत क्षेत्र की एक महिला द्वारा पंचायत के पूर्व प्रधान पर छेड़छाड़ के लगाए सभी कथित आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों का कहना है कि आरोप लगाने वाली महिला द्वारा पंचायत के पूर्व प्रधान की छवि को खराब करने की मंशा के चलते बेबुनियाद आरोप जड़े गए हैं।

 

लोगों का कहना है कि पंचायत के पूर्व प्रधान के कार्यकाल में देई का नौण पंचायत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जो कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों का कहना है कि पंचायत के पूर्व प्रधान की साफ छवि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। उन पर ऐसे संगीन आरोप लगाया जाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसके बारे में एएसपी हमीरपुर अशोक वर्मा ने बताया कि देई का नौण पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उनसे मिला है। उन्होंने बताया कि महिला थाना में पूर्व प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों को सामने रखकर मामले की जांच बिल्कुल निष्पक्ष ढंग से की जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल में सुषमा देवी पूर्व वार्ड सदस्य, कांता देवी पूर्व वार्ड सदस्य, सिमरो देवी, उषा देवी जोगिंदर सिंह, रशपाल सिंह, वीर सिंह, रेखा देवी, धर्मो देवी, सारो देवी, असनी कुमार वंदना ठाकुर व 50 गांववालों समेत पंचायतवासी शामिल रहे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh