कांग्रेस सरकार अब भाजपा की नीतियों की कर रही नकल : भाजपा

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

भाजपा के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य हरीश शर्मा तथा जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने बुधवार को प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने आम जनता की समस्याओं के घरद्वार पर समाधान के लिए जनमंच कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उस समय कांग्रेस ने उसका विरोध किया था। अब खुद ही कांग्रेस सरकार ने जनमंच का नाम बदलकर सरकार गांव के द्वार जाने को मजबूर होना पड़ा है। भाजपाईयों ने कहा कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को अब जनता की याद आई है और सरकार गांव के द्वार जा रही है। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस द्वारा पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया जाता रहा हो, लेकिन कहीं न कहीं कांग्रेस सरकार अब भाजपा की नीतियों की नकल करने लगी है। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

 

एक वर्ष से अधिक समय में सरकार प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई है, ऐसे में लोकसभा चुनाव में किस मुंह से जनता के बीच जाएगी, इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर अब कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री जनता के बीच जाने को अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाने का फायदा भी तभी मिलेगा, जब जनता के लिए कुछ करेंगे, लेकिन जब किया ही कुछ नहीं तो जनता के बीच जाने का भी क्या लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने एक साल के निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh