धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
इस वर्ष आरंभ हो रही जनगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है और इसमें ऑनलाइन माध्यम से स्वयं की जानकारी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। स्वयं ऑनलाइन अपलोडिंग के स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन se.census.gov.in पहली जून से 15 जून तक खुला रहेगा।
नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने सोमवार को इस पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड करके स्वगणना की शुरुआत की।
उन्होंने बताया कि नगर निगम हमीरपुर में भी पहली जून से स्वगणना का कार्य शुरू हो गया है जो 15 जून तक चलेगा। इसमें लोग स्वगणना पोर्टल पर पूछे गए सवालों की ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। अपलोडिंग के बाद उन्हें एक आईडी नंबर मिलेगा।
आयुक्त ने कहा कि सभी लोग स्वगणना पोर्टल पर उपलब्ध स्वगणना के विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे जनगणना का कार्य तेजी से पूरा होगा और लोग स्वयं एवं अपने परिवार से संबंधित सही जानकारी अपलोड कर सकेंगे। राकेश शर्मा ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया के तहत ही 16 जून से 15 जुलाई तक मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना की जाएगी। इस प्रक्रिया को पूर्ण करवाने में भी सभी लोग प्रगणकों का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना हमारे लोकतंत्र और विकास की रीढ़ है। अतः इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सभी अपना सहयोग प्रदान करें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






