धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
बजूरी क्षेत्र के ग्रामीणों की शिकायत पर आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और नगर निगम द्वारा किए जा रहे कूड़ा निस्तारण कार्य का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम की छोटी गाड़ियों से कूड़ा खुलेआम बाजार के बीच बड़ी गाड़ियों (टिप्पर) में डाला जाता है। यह टिप्पर कई-कई दिनों तक वहीं खड़ा रहता है, जिससे गंदा पानी बहता रहता है और आसपास के जल स्रोतों—विशेषकर बावड़ियों—में मिलकर प्रदूषण फैलाने का खतरा बना रहता है।
मौके पर निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्मा ने पाया कि कूड़ा स्थानांतरण की प्रक्रिया खुले में हो रही थी, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। बड़ी संख्या में चील-कौवे आसपास मंडरा रहे थे और क्षेत्र में वायु प्रदूषण के कारण सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था।
इस दौरान डॉ. वर्मा ने नगर निगम कमिश्नर को स्थिति से अवगत करवाते हुए तत्काल इस व्यवस्था को हटाने की मांग की। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी इस मामले का संज्ञान लेने को कहा, ताकि संभावित बीमारियों को रोका जा सके। उन्होंने हाल ही में हमीरपुर में फैले पीलिया के प्रकोप का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियां भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट को जन्म दे सकती हैं।
डॉ. वर्मा ने इस पूरी व्यवस्था को अमानवीय बताते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान है और यदि कोई संस्था प्रदूषण फैला रही है, तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर लोगों को राहत देने की अपील की।
वहीं, ग्रामीणों ने अपनी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दीपक, संजीव, संजय, अजय कुमार, विजय कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh




