धर्मपुर एक्सप्रेस। भोरंज
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पोषण अभियान के तहत बाल विकास परियोजना भोरंज में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नवचेतना आधारशिला, कुपोषण प्रबंधन, माइक्रोन्यूट्रिएंट की कमी, पोषण 2.0, बच्चों के जीवन के प्रथम 1000 दिनों का महत्व, स्तनपान के लाभ, कोलोस्ट्रम का महत्व, आयु-अनुसार पूरक आहार एवं भोजन विविधता, दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग एवं समावेशन, ईसीसीई गतिविधियों तथा विभिन्न असेसमेंट टूल्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 32 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक अवस्था में पोषण एवं शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखते हैं और इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम में दिए गए प्रशिक्षण को जमीनी स्तर पर लागू करें।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक रवि कुमार, सुनील कुमार नड्डा, अभिषेक ठाकुर, कुंता राणा, अंजना शर्मा और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






