खग्गल में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने किया शुभारंभ

महावीर युवक मंडल खग्गल के तत्वावधान में आज माध्यमिक पाठशाला खग्गल के प्रांगण में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 8 टीमों ने भाग लिया।

प्रारंभिक मुकाबला खग्गल और जोलसप्पड की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें खग्गल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शिरकत की।

उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैठकर मैच का आनंद लिया और युवाओं को खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में डॉ. वर्मा ने कहा कि “खेल व्यक्ति को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और करियर के नए अवसर भी प्रदान करते हैं। हमें युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों की ओर अग्रसर करना चाहिए।”

उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू  का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री खेल मैदान योजना प्रारंभ की है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

डॉ. वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में नाल्टी ग्राउंड के विकास हेतु 15 लाख रुपये की राशि और हमीरपुर में बन रहे इनडोर स्टेडियम के लिए 35 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है जिसके लिए हम उनका कोटि-कोटि धन्यवाद करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 19 नई खेलों को आधिकारिक सूची में शामिल करने का निर्णय एक दूरगामी सोच का प्रतीक है, जिससे अब इन खेलों के खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ मिलेगा।

वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं को खेलों में बढ़ावा देने के लिए प्रदेश को “खेल राजधानी”के रूप में विकसित कर रहे हैं और इसी कड़ी में वह लगातार हिमाचल प्रदेश के हर कोने में खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दे रहे हैं जो के आज 3 वर्ष के बाद पूरे हिमाचल में हर तरफ दिख रहा है।

डॉ. वर्मा ने महावीर युवक मंडल खग्गल के सदस्यों को इस आयोजन के लिए बधाई दी और युवाओं से खेलों के माध्यम से समाज को नशामुक्त और सशक्त बनाने का आह्वान किया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh