धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
पंचायत पांडवी के मैड गांव में प्राथमिक पाठशाला के साथ लगते खेल मैदान के समीप स्थित पहाड़ी पिछले दो दिनों से लगातार खिसक रही है। इसकी स्थिति कुछ वैसी ही बन गई है जैसी हाल ही में चबूतरा गांव में आई आपदा के समय देखने को मिली थी।
आज इस गंभीर परिस्थिति का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और गांववासियों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रशासन को इस संबंध में अवगत करवाया। मौके पर पहुंचे पटवारी ने भी संपूर्ण स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर ली है।
डॉ. वर्मा ने गांववासियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और जल्द ही इस पर बचाव कार्य आरंभ करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है।
इस अवसर पर पंचायत के उपप्रधान सुनील कुमार ने भी स्थिति पर चिंता जताई और प्रशासन से अपील की कि गांव के भीतर तथा घरों के ऊपर बनीं लगभग 70-80 साल पुरानी स्थित बस्तियों को तुरंत सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए, क्योंकि इस क्षेत्र में अब वास्तविक खतरा उत्पन्न हो गया है।
गांववासी भी स्थिति से चिंतित हैं और प्रशासन से त्वरित राहत एवं बचाव कार्य की अपेक्षा कर रहे हैं।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






