गांव भगेटू की सड़क बनी जनता के लिए मुसीबत

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

गांव भगेटू में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश के कारण सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। प्रशासन द्वारा अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर सड़क को दुरुस्त करने का कार्य किया गया, लेकिन जैसे ही भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, वे वहीं फंस जाते हैं।

 

गौरतलब है कि यह सड़क दो साल पहले भी इसी तरह क्षतिग्रस्त हुई थी और तब भी केवल मिट्टी डालकर चलने योग्य बनाया गया था। वर्तमान में स्थिति वही दोहराई जा रही है। हाल ही में प्रशासन ने जेसीबी भेजकर मिट्टी डलवाई थी, लेकिन बारिश के चलते सड़क फिर से कीचड़ में तब्दील हो गई और आज एक ट्रक यहां फंस गया जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकालना पड़ा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से यहां डंगा (पक्का डंगा/प्रोटेक्शन वॉल) लगाने की मांग लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक पीडब्ल्यूडी विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला है। सड़क की यह हालत आम जनता के लिए भारी समस्या बन चुकी है।

गांव के और आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग को जल्द से जल्द स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए और पक्का डंगा लगाया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों से छुटकारा मिल सके।

 

यह सड़क टोन भराड़ी – बाय पलासी – भगेटू होते हुए मेड़ तक जाती है और इसे नाबार्ड के तहत डाला गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी कार्य नहीं किया गया तो यह सड़क पूरी तरह बंद हो सकती है, जिससे आवागमन पर भारी असर पड़ेगा।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh