पात्र कामगारों तक पहुंचाएं बोर्ड की योजनाओं का लाभ : नरदेव सिंह कंवर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने सोमवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक करके विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड की योजनाओं का लाभ पात्र कामगारों तक पहुंचाने के लिए हिमपरिवार पोर्टल के माध्यम से सभी कामगारों की ई-केवाईसी सुनिश्चित की जा रही है। ई-केवाईसी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा होना चाहिए। बोर्ड की ओर से दिए जाने वाले क्लेम की रिपोर्ट तलब करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि अगर वांछित दस्तावेज जमा न किए जाने के कारण कोई मामला लंबित चल रहा है तो उसके बारे में संबंधित कामगार को अवगत करवाया जाना चाहिए तथा उस मामले का त्वरित निपटारा किया जाना चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर और वेरिफिकेशन के बाद तुरंत क्लेम जारी होना चाहिए।

बोर्ड में आउटसोर्स आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के मानदेय की समीक्षा करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि इन कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा। इन कर्मचारियों को बोर्ड की कुल 26 शाखाओं और विभिन्न विभागों में एडजस्ट करने पर भी विचार किया जा रहा है।

अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हमेशा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी तत्परता के साथ कार्य करें।

बैठक के दौरान नरदेव सिंह कंवर ने बोर्ड की अलग-अलग शाखाओं का कार्यभार देख रहे एक-एक अधिकारी एवं कर्मचारी से विस्तृत रिपोर्ट ली और विभिन्न कार्यों में आ रही दिक्कतों तथा योजनाआंे के क्रियान्वयन के बारे में आवश्यक फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर बोर्ड मुख्यालय के एसओ विनय कुमार, एससीएफ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh