धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
टौणी देवी मेला इस बार 24 जून को मनाया जा रहा है । बेशक एनएच निर्माण के दौरान टौणी देवी की सड़कें खुली हो गई हों और मेला क्षेत्र एक किलोमीटर के दायरे में फैल गया हो लेकिन निर्माण कंपनी की अव्यवस्थाएं टौणी देवी मेले पर भारी पड़ती दिख रही हैं। प्रसिद्ध टौणी देवी माता मंदिर के सौ मीटर के घेरे में एनएच पर कीचड़ फैला हुआ है जिसे स्थानीयों व्यापारियों, व्यापार मंडल और टौणी देवी माता मंदिर कमेटी के आग्रह के बावजूद साफ नहीं किया गया। बारिश के बाद हालत और बिगड़ गई है। वहीं करीब एक माह से टौणी देवी मंदिर के पास एनएच निर्माण कंपनी की जेसीबी खराब पड़ी है। अब मेले के दौरान इस खड़ी मशीन की वजह से चार दुकानें और नहीं लग पाई । वैसे भी टौणी देवी मंदिर में माथा टेकने वालों की वजह से इसी क्षेत्र में मेले की भीड़ ज्यादा रहती है। व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप राणा, मंदिर कमेटी के प्रधान सरवन कुमार , स्थानीय व्यापारियों सुनील चौहान, तिलक राज बहल, राज कुमार बहल , पवन कुमार इत्यादि ने तुरंत इस खराब मशीन को हटाने और कीचड़ को हटाने की मांग की है।
उधर हाइवे इंजीनियर अंकित कुमार ने बताया कि जेसीबी का हटाया जाना मुश्किल है क्यों कि फाल्ट बड़ा है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





