एनएच 03 के निर्माण के दौरान टौणी देवी पीडबल्यूडी डिविजन की 9 संपर्क सड़कें क्षतिग्रस्त

धर्मपुर एक्सप्रेस। टौणी देवी

एनएच 03 के निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग मण्डल टौणी देवी के तहत 9 सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं । पीडबल्यूडी द्वारा एनएचएआई की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट को पिछले एक साल से कई पत्र और डेमेज रिपोर्ट बना जबाव मांगा है लेकिन एनएचएआई की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट की चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े कर रही है। अब तक डेमेज कंट्रोल के लिए रत्ती भर कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। मजबूरन अब लोक निर्माण विभाग मण्डल टौणी देवी को कई जगह नोटिस बोर्ड लगाकर लोगों को एनएचएआई की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट की लापरवाही और नाकामी को उजागर करना पड़ रहा है। इन नोटिस बोर्ड में रोड सेफ्टी एक्ट का हवाला भी दिया गया है। इसके बावजूद इन 9 संपर्क सड़कों की हालत सुधारने की कोई कोशिश अब तक नहीं हो पाई है। सबसे खस्ता हालत इस वक्त टौणी देवी से ऊहल जंगलबैरी सड़क की आरडी 0/0 से 0/110 तक की बनी हुई है। मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड होने के बावजूद इस सड़क को टौणी देवी के बीडीओ ऑफिस के पास गहरे जख्म दिए गए हैं। बरसात में यहां तंग सड़क पर एक्सीडेंट की संभावना बढ़ गई है । ऐसी ही स्थिति झनिक्कर से बारी और टौणी देवी से लंघवाण जंक्शन की बनी हुई है। दरकोटी से गब्बा बडू सड़क का जंक्शन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

क्या है नोटिस बोर्ड पर चेतावनी 

लोक निर्माण विभाग टौणी देवी द्वारा हॉस्पिटल चौक और उहल चौक पर जो दो नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं उसमें इस तरह की चेतावनी लगाई गई है।

” सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि सड़क NH-03 का कार्य परियोजना निर्देशक सह अधिशाषी अभियन्ता NH-03. PIU MORTH H. NO. 575 कृष्णा नगर हमीरपुर द्वारा करवाया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण कार्य के निष्पादन के दौरान लोक निर्माण विभाग मण्डल टौणीदेवी ने अन्तर्गत टौणी देवी से ऊहल जंगलबैरी सड़क RD 0/0 से 0/110 का निर्माण कम्पनी द्वारा क्षतिग्रस्त और संकरा असुरक्षित कर दिया गया है। जिसके कारण सार्वजनिक मोटर वाहन को यातायात को बिना सुरक्षा और अनियमित ट्रैक के सुरक्षित आवागमन में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सुरक्षा ऑडिट (RSA) के मुख्य पहलू अनुसार सार्वजनिक उपयोग से पहले या बाद में सुरक्षा चिंताओं को दूर करने का कार्य निर्माण कम्पनी द्वारा किया जाना सुनिश्चित है तथा किसी भी विलक्षण स्थिति के कारण किसी भी दुर्घटना की सम्भावना में आम जनता के नुकसान को रोका जा सके।”

इन 9 संपर्क सड़कों / जंक्शन को किया क्षतिग्रस्त 

एन एच 03 के निर्माण के दौरान निर्माण कंपनी द्वारा टौणी देवी से ऊहल जंगलबैरी सड़क, बराड़ा से पटनौण सड़क , झनिक्कर से बारी सड़क, बारी से सिसवा सड़क, टौणी देवी से लंघवाण सड़क, कोट से धवा सड़क, दरकोटी से गब्बा बडू सड़क, कलांझड़ी से कंगरी सड़क तथा टौणी देवी से पीडबल्यूडी डिविजन सड़क जंक्शन प्रमुख हैं।

किसी दुर्घटना के लिए अब निर्माण कंपनी और एनएचएआई होंगे जिम्मेवार : एसडीओ 

इस संबंध में लोकनिर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीतीश भारद्वाज ने बताया कि किसी दुर्घटना के लिए अब निर्माण कंपनी और एनएचएआई जिम्मेवार होंगे । उन्होंने कहा कि अभी तक इस संदर्भ में निर्माण कम्पनी से बहुत सारे लिखित व मौखिक अनुरोधों के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई भविष्य में अगर कोई भी अप्रिय घटना इस कारण घटित होती है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेवारी निर्माण कम्पनी की होगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh