जिनकी ऊँगली पकड़कर राजनीति में आए, अब कांग्रेस के वही छुटभैया नेता विधायक लखनपाल को दे रहे नसीहत : भाजपा

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के खिलाफ दिए गए कांग्रेस युवा नेता रूबल ठाकुर के बयान पर बड़सर भाजपा ने करारा पलटवार किया है। भाजपा मण्डल अध्यक्ष संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश मांगा, महामंत्री अश्वनी बन्याल व दिनेश कुमार ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा है कि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल को कांग्रेस के छुटभैया नेताओं से नसीहत लेने की कोई ज़रूरत नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने के बजाय कांग्रेस नेताओं को मीडिया में सुर्खियाँ बटोरने की बजाय जनता के समक्ष सच्चाई रखनी चाहिए। जब मुख्यमंत्री का बड़सर दौरा पूरी तैयारियों के बावजूद रद्द हुआ, तो यह स्पष्ट है कि इसके पीछे प्रशासनिक विफलता या मुख्यमंत्री की बड़सर की जनता के प्रति बेरुख़ी जिम्मेदार है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि जब अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, तो उसके ठेकेदारों को अब तक भुगतान क्यों नहीं किया गया?

भाजपा मण्डल ने कहा कि मिनी सचिवालय जैसी ऐतिहासिक परियोजना भाजपा सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम है। कांग्रेस इसका श्रेय लेने का असफल प्रयास कर रही है, लेकिन जनता भलीभांति जानती है कि इसकी नींव किसने रखी और इसे साकार किसने किया।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिला का मुख्यमंत्री होने के बावजूद बड़सर कॉलेज में वर्षों से खाली पदों को भरने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाएं आज तक शुरू नहीं हो पाई हैं, जो कांग्रेस की शिक्षा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज सहारा योजना की किस्तें नहीं मिल रही हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं, लेकिन कांग्रेस के छुटभैया नेता इस पर चुप हैं। मीडिया में झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करना कांग्रेस नेताओं की आदत बन चुकी है।

भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज विधायक इंद्रदत्त लखनपाल पर ऊँगली उठाने का साहस कर रहे हैं, वे राजनीति में उन्हीं की ऊँगली पकड़कर आए हैं। ऐसे नेताओं को अपनी हैसियत में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए, वरना जनता सब जानती है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh