हमीरपुर से कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार कर पंजाब ले गई पुलिस

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

पंजाब पुलिस ने एक चैक बाऊंस मामले में हमीरपुर के एक कपड़ा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिदीन ऊर्फ पप्पू पुत्र बलवंत निवासी गांव बुरनाड़ के रूप में हुई है, जो हमीरपुर शहर में एक कपड़े की दुकान का मालिक है।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी ने लुधियाना (पंजाब) के एक व्यापारी से कपड़े की बड़ी खेप मंगवाई थी। कपड़े की डिलीवरी के बाद आरोपी ने भुगतान के लिए एक चैक जारी किया था, जो बैंक में जमा करवाने के बाद बाऊंस हो गया। इससे संबंधित शिकायत पर लुधियाना की अदालत में केस चला, जहां से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था।

शनिवार को पंजाब पुलिस की एक टीम हमीरपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब ले जाया गया। मामले की पुष्टि करते हुए हमीरपुर के एसपी भगत सिंह ने बताया कि उन्हें पंजाब पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सभी औपचारिकताओं के तहत आरोपी को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh