टिक्कर खातरियां में दी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी, डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय भी बताए

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से गांव टिक्कर खातरियां में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया।

इस अवसर पर शाखा के प्रबंधक मोहिंद्र चौहान और अन्य अधिकारियों ने गांववासियों को विभिन्न बैकिंग प्रक्रियाओं, ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा योजनाओं, पेंशन योजना और अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मोहिंद्र चौहान ने बताया कि अपने उद्यम या कारोबार स्थापित करने के इच्छुक लोग बैंक से ऋण ले सकते हैं तथा सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत सब्सिडी भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसान बिना गारंटी के 2 लाख रुपये तक के ऋण आसानी से ले सकते हैं। योजना के अंतर्गत अब पांच लाख रुपये तक के ऋण पर सरकार अनुदान देती है।

कार्यक्रम के दौरान बैंक के अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल बैंकिंग की जानकारी भी दी तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्हांेने बताया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के बचत खाता का बैलेंस का पता लगाने के लिए 95800-79717 नंबर पर मिस्ड कॉल की जा सकती है।

इस अवसर पर दिनेश कुमार, अश्वनी शर्मा, प्रमोद शर्मा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh