धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
हिम केयर योजना को तुरंत सुचारू रूप से चलाकर मरीजों को राहत प्रदान करें सरकार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सचिव नरेंद्र अत्री ने कहा कि बड़े-बड़े चुनावी वायदे करके सत्ता में आई प्रदेश कांग्रेस सरकार अपने दो वर्षीय कार्यकाल में पूरी तरह विफल हो चुकी है। चुनावी वायदे व गारंटियां पूरी करना तो दूर की बात जो संस्थान शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछली भाजपा सरकार ने शुरू किए थे उन पर भी वर्तमान कांग्रेस सरकार ने ताले लगा दिए हैं। प्रदेश में आम जनमानस के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए , भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई हिम केयर योजना को वर्तमान सरकार बार-बार ठंडे बस्ते में डालकर इस योजना के तहत अपनी गंभीर बीमारी का इलाज करवा रहे सैंकड़ों मरीजों की जान को जोखिम में डाल रही है, जिससे कि प्रदेश सरकार का बहुत ही गैर जिम्मेदाराना व दुर्भाग्यपूर्ण रवैया प्रमाणित होता है।
हिम केयर योजना को तुरंत सुचारू रूप से चलाकर मरीजों को राहत प्रदान करें सरकार
अत्री ने कहा कि हैमर थ्रो में इंटर कॉलेज चैंपियन रहे मनोज कुमार पिछले करीब दो वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित है। मनोज कुमार को सप्ताह में तीन बार डायलसिस के लिए या तो चंडीगढ़ या हमीरपुर जाना पड़ता है। मनोज कुमार इतना खर्च वहन करने के लिए आर्थिक रूप से समर्थ नहीं है। पहले उसका इलाज हिम केयर कार्ड पर होता था। लेकिन अब निजी अस्पताल हिम केयर के तहत इलाज नहीं कर रहे हैं जिसके कारण उन्हें सप्ताह में तीन बार डायलसिस के लिए होने वाले खर्च का वहन करना मुश्किल हो गया है। मनोज कुमार व अन्य कई मरीजों ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि हिम केयर योजना को सुचारू रूप से चलाया जाए।
प्रदेश भाजपा सचिव नरेंद्र अत्री ने कहा कि मनोज कुमार की तरह प्रदेश में और भी हजारों लोग होंगे जो इस योजना के बंद होने के कारण संकट की घड़ी से गुजर रहे होंगे, अतः प्रदेश सरकार मानवता का परिचय देते हुए इस योजना को तुरंत शुरू करें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






