टौणी देवी में नौ घंटे बाद बहाल हुई बिजली , महाड़े के सुरेंद्र कुमार के घर घुसा एनएच का पानी

धर्मपुर एक्सप्रेस। टौणी देवी 

तेज बारिश और तूफान से टौणी देवी क्षेत्र में रात से गुल हुई बिजली सुबह 9 बजे करीब नौ घंटे बाद बहाल हो गई । तूफान के बीच 33 केवी सब स्टेशन में फाल्ट की वजह से सारी रात बिजली बंद रही जिसे सुबह ठीक कर दिया गया। वहीं तेज बारिश से मक्की की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। टौणी देवी क्षेत्र में पहले तो बारिश न होने के कारण मक्की की फसल की बिजाई देरी से हुई लेकिन अब जब थोड़ी बहुत फसल खेतों में लहलहाने लगी तो तेज हवाओं ने इन्हें खेतों में लिटा दिया। क्षेत्र में कई जगह तेज आंधी ने सूखे पेड़ों को भी जड़ से उखाड़ दिया है।

 

सुरेंद्र कुमार के घर घुसा एनएच का पानी

 

ग्राम पंचायत बारी के तहत टीका चाहड़ के गांव महाड़े में सुरेंद्र कुमार पुत्र प्रेम सिंह के घर नेशनल हाईवे 03 का पानी घुस गया जिससे मकान , पशुशाला और शौचालय को खतरा पैदा हो गया । पानी का सही निकास न होने के कारण बारिश का सारा पानी सड़क से एक ही स्थान से उतर रहा है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

 

बादल गरजने से सहमे लोग

 

बीती रात गर्जना से हुई बारिश से लोग सहमे रहे। बादलों की जोरदार गर्जना और तेज बिजली चमकने से जन जीवन प्रभावित हुआ। बारिश के बीच एक जोरदार धमाका भी हुआ जिससे कई मकान कांप गए। फिलहाल अभी तक क्षेत्र से कहीं से भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

 

नुकसान की जानकारी एकत्रित की जारी : तहसीलदार

इस बारे में बमसन तहसील के तहसीलदार हरीश कुमार ने बताया कि नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग एकत्रित कर रहा है। अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh