धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
जिला में शनिवार और रविवार को हुई भारी बारिश से लगभग 10.15 करोड़ रुपये के नुक्सान का अनुमान है। सोमवार दोपहर तक जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जिला में एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़कों और डंगों को लगभग 2.53 करोड़ रुपये का नुक्सान पहुंचा है। इस दौरान जल शक्ति विभाग को सबसे ज्यादा क्षति हुई है। विभाग की विभिन्न पेयजल योजनाओं को लगभग 7.56 करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है। बिजली बोर्ड की लाइनों का भी लगभग साढे पांच लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि इस मॉनसून सीजन में अभी तक सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 40.14 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने राजस्व विभाग और अन्य विभागों के सभी फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित करें।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






