भाजपा ने बदला जनसभा का स्थान,व्यापार मंडल के आग्रह पर लिया निर्णय: अजमेर सिंह ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने व्यापार मंडल एवं स्थानीय व्यापारियों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए 4 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा के स्थान में बदलाव किया है। अब यह जनसभा गांधी चौक के स्थान पर कुमार पैलेस में आयोजित की जाएगी। यह निर्णय व्यापार मंडल के आग्रह पर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श करने के बाद लिया गया है।

 

मीडिया को जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में त्योहारी सीजन चल रहा है और धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर बाजारों में ग्राहकों की काफी आवाजाही रहती है। इस दौरान व्यापारी भाइयों के लिए कारोबार की दृष्टि से यह समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने आशंका जताई थी कि गांधी चौक पर जनसभा आयोजित होने से बाजार की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं, जिससे उनके व्यापार और आर्थिक हितों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी व्यापारियों की इस चिंता को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश नेतृत्व के साथ चर्चा की और जनसभा का स्थान बदलने का निर्णय लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के लिए व्यापारी भाइयों के हित और उनकी सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं। इसी भावना के अनुरूप अब जनसभा कुमार पैलेस में आयोजित होगी तथा इसके उपरांत लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा कुमार पैलेस से शुरू होकर ओल्ड आरटीओ रोड, भोटा चौक और मुख्य बाजार से होते हुए गांधी चौक हमीरपुर में संपन्न होगी।

 

वहीं, शहरी निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अजमेर सिंह ठाकुर ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि भाजपा के जिला एवं प्रदेश नेतृत्व ने व्यापारियों की समस्या और उनके आग्रह को समझते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव व्यापारी भाइयों के हितों, उनकी सुविधाओं और आर्थिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने में विश्वास रखती है। त्योहारों के इस महत्वपूर्ण अवसर पर व्यापारियों के कारोबार में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से जनसभा के स्थान में परिवर्तन किया गया है। अजमेर सिंह ठाकुर ने उनके इस आग्रह और व्यापार मंडल की चिन्ताओं का संज्ञान लेने के लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व और जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर का धन्यवाद किया।

 

राकेश ठाकुर और अजमेर सिंह ठाकुर ने जिला हमीरपुर के समस्त व्यापारी भाइयों को धनतेरस, दीपावली और भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि यह त्योहारी सीजन सभी व्यापारियों के लिए खुशहाली, समृद्धि और आर्थिक उन्नति लेकर आए। उन्होंने कामना की कि सभी व्यापारियों का कारोबार खूब फले-फूले और उन्हें उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप आर्थिक लाभ प्राप्त हो।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh