धर्मपुर एक्सप्रेस। मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद “नो योर वोट” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश में अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन करने वाली कांग्रेस पार्टी, उसके युवराज राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपने फेल लॉन्चिंग का शतक लगाने के करीब पहुंचे राहुल गांधी समझ गए हैं कि देश उन्हें नकार चुका है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से वह चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। लेकिन गांधी परिवार में जन्म लेने के नाते वह प्रधानमंत्री बनना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। इसी लिए अराजकता के दम पर देश में “रिजीम चेंज” करना चाहते हैं। अराजकता और भीड़ तंत्र के सहारे लोकतंत्र को हथियाना चाहते हैं। वह देश को बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और सीरिया बनाना चाहते हैं, लेकिन वह भूल रहे हैं भारत मिटाने की विदेशी साजिश सदियों से हो रही है, कोई उसमें कामयाब नहीं हुआ है। आज दुनिया के सबसे सशक्त और प्रभावशाली नेता नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। आज देश का जेन-जी नरेंद्र मोदी के साथ है। इसलिए अराजकता से सत्ता हथियाने का ख्वाब उनका कभी पूरा नहीं हो पाएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं का जोश, राष्ट्रभक्ति की भावना और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा देखकर सदैव आनंद की अनुभूति होती है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की जिम्मेदारी देश के युवा बखूबी निभा रहे हैं। विकसित भारत का लक्ष्य सशक्त, शांतिप्रिय, अराजकतामुक्त और आत्मनिर्भर भारत के जरिए ही हासिल हो सकता है। इसके लिए देश के युवाओं को आगे आना होगा। आज देश में कुछ लोग वोट चोरी के नाम पर एक वर्ग को बरगलाकर, अशांति फैलाकर तख्तापलट करना चाहते हैं। ऐसे में युवा संवाद में ‘नो योर वोट’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के दुष्प्रचार को समाप्त कर लोगों को वास्तविकता से अवगत करवाने का प्रयास सराहनीय है। इस दौरान उन्होंने अपने पहले चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की वजह से उन्हें न चाहते हुए भी अपना गलत नाम नामांकन पत्र में भरना पड़ा था, क्योंकि वोटर लिस्ट में उनके नाम को सही ढंग से नहीं लिखा गया था।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2 दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस द्वारा एक रैली की गई। उसमें आए लोगों को एसआईआर के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी। उन्हें गलत तथ्य बताकर सिर्फ बरगलाया गया था। ऐसे में यह हमारे युवाओं की भी जिम्मेदारी है कि गलत तथ्य पेश करके किसी भी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर कोई भी व्यक्ति देशवासियों को बरगला न सके। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह देखकर यह साफ है कि यह राहुल गांधी और इंडी गठबंधन का दुष्प्रचार हारेगा। लोकतंत्र जीतेगा। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक, अटक से लेकर कटक तक देश का जेन-जी स्पष्ट संदेश दे रहा है कि भारत को बांग्लादेश और श्रीलंका बनाने वालों की मंशा कभी कामयाब नहीं होगी और मोदी कहीं नहीं जाएंगे और 2029 में फिर आएंगे।
*प्रदेश भर के अस्पतालों में निशुल्क जांच बंद करवा कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे सुक्खू*
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था प्रदेश की जिम्मेदारी है, लेकिन मुख्यमंत्री सिर्फ झूठ बोलकर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधार रहे हैं। बीते कल से प्रदेश में निशुल्क जांच कर रही लैब काम नहीं कर रही हैं। लोग बिना जांच के इलाज नहीं करवा पा रहे हैं। इलाज के लिए उन्हें महंगी निजी जांच लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। बिना जांच के इलाज कैसे होगा और बिना इलाज के लोगों की जान कैसे बचेगी? सत्ता संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था को वेंटिलेटर पर पहुंचा दिया। पहले लोगों को नि:शुल्क इलाज देने वाली हिमकेयर योजना के खिलाफ साजिश कर उसे बंद किया और अब लोगों को मिल रही नि:शुल्क जांच सुविधा बंद कर दी है। मुख्यमंत्री लोगों की जान से खिलवाड़ बंद करें और नि:शुल्क जांच सुविधा तत्काल शुरू करवाएं।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





