धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
मेरा युवा भारत (MY Bharat), हमीरपुर द्वारा 2 नवंबर 2026 को करियर पॉइंट विश्वविद्यालय में युवा संवाद एवं Know Your Vote कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश ओलंपियन संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र अत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। करियर पॉइंट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त यूथ आइकॉन प्रीतिका तथा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार गुलशन संधू भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने मेरा युवा भारत, हमीरपुर की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान यूथ आइकॉन प्रीतिका ने युवाओं को Know Your Vote विषय पर जानकारी देते हुए मतदान के अधिकार, उसकी प्रक्रिया तथा एक जागरूक मतदाता की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं को अपने मताधिकार का महत्व समझने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि नरेंद्र अत्री ने भी युवाओं को मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं के साथ इस विषय पर सीधा संवाद किया तथा उन्हें अपने विचार साझा करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित किया।
वहीं, कुलपति डॉ. संजीव शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं प्रश्न साझा किए। युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी और मताधिकार के महत्व को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें लोकतंत्र की मजबूती और विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना रहा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





