नंद लाल के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक खोया : मुकेश अग्निहोत्री

धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला 

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अपने साथी नंद लाल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और स्तब्ध करने वाला है। उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नंद लाल ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और रामपुर क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, सादगी और लोगों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी एवं समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है और व्यक्तिगत रूप से उन्होंने अपना एक आत्मीय साथी खोया है।

 

उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh