धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
पंचायती राज संस्थाओं के हाल ही में संपन्न चुनावों में जनादेश प्राप्त करने वाले विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से समीरपुर स्थित उनके निवास पर मिलने का सिलसिला आज भी जारी रहा। इसी कड़ी में सोमवार को बगवाड़ा, ग्वारडू तथा कराह पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने समीरपुर पहुंचकर प्रो. धूमल से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रतिनिधिमंडलों ने चुनाव में मिली सफलता के बाद प्रो. धूमल का आभार व्यक्त करते हुए उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ लिया। इस दौरान पंचायतों के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पंचायतें विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा तय करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन अपेक्षाओं और विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों का चयन किया है, उस विश्वास को बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति देने, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर पंचायतों के समग्र विकास को प्राथमिकता दें तथा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करें।
प्रो. धूमल ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ऐसे में उन्हें हमेशा लोगों के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए सक्रिय प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों के सफल, पारदर्शी और जनसेवा को समर्पित कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






