धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
26 वर्ष पूर्व जब अनुराग ठाकुर मात्र 25 वर्ष की आयु में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के अध्यक्ष बने थे, तब शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि हिमाचल जैसे छोटे एवं पर्वतीय प्रदेश में विश्वस्तरीय क्रिकेट अवसंरचना विकसित होगी और यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों तथा आईपीएल जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों का सफल आयोजन होगा।
आज धर्मशाला का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम न केवल भारत बल्कि विश्व के सबसे सुंदर क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। यहां अंतरराष्ट्रीय मैचों और आईपीएल के आयोजन ने हिमाचल प्रदेश को वैश्विक खेल मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई है। दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी, खिलाड़ी और पर्यटक इस स्टेडियम को देखने आते हैं, जिससे प्रदेश में पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को भी बल मिला है।
एचपीसीए की इस 26 वर्षीय विकास यात्रा में पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, *जिसमें वर्तमान आईपीएल चेयरमैन ठाकुर अरुण धूमल एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में उत्कृष्ट प्रबंधन क्षमता और नेतृत्व कौशल का परिचय दिया है। एचपीसीए के पदाधिकारी, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष तथा वर्तमान में आईपीएल चेयरमैन के रूप में उन्होंने अपनी कार्यकुशलता से राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रशासन में विशिष्ट पहचान बनाई है।
पिछले तीन वर्षों से आईपीएल चेयरमैन के रूप में कार्य करते हुए ठाकुर अरुण धूमल ने संगठनात्मक दक्षता, प्रभावी समन्वय और आधुनिक प्रबंधन दृष्टिकोण के माध्यम से आईपीएल के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाया है। उनके नेतृत्व में आईपीएल 2026 का 60 दिनों का लंबा और चुनौतीपूर्ण सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो उनकी प्रशासनिक क्षमता का प्रमाण है।
आईपीएल 2026 के सफल आयोजन के लिए आईपीएल चेयरमैन ठाकुर अरुण धूमल तथा पूरी आयोजन टीम बधाई और शुभकामनाओं की पात्र है। यह सफलता हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है, जिसने देश को खेल प्रबंधन और खेल अवसंरचना के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रदान किया है। आईपीएल 2026 में देश भर के विभिन्न आईपीएल वेन्यूज में एचपीसीए धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की पिच व वेन्यू को बीसीसीआई द्वारा सर्वश्रेष्ठ घोषित किया जाना, उनकी उपलब्धियां में एक और सर्वश्रेष्ठता जुड़ जाना है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






