धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
एनएच-03 पर कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लिंक रोड जंक्शन को पक्का करने का काम जारी है और पूरे हाईवे को फाइनल टच देने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। निर्माण कार्य के चलते अब क्षेत्र में सड़क व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और सुगम होती नजर आ रही है।
बारी मंदिर और टौणी देवी क्षेत्र में एनएच-03 के प्रमुख जंक्शन पक्के कर दिए गए हैं, जिससे लोगों को धूल-मिट्टी की समस्या से राहत मिली है। सोसायटी चौक बारी, तहसील के पास पुराना ऊहल चौक रोड, टौणी देवी-कक्कड़ रोड जंक्शन और गब्बा रोड जंक्शन को बेहतर तरीके से विकसित किया गया है, जिससे यातायात में भी सुधार आया है।
हाइवे इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि एनएच-03 को पूरी तरह तैयार करने के लिए रोड मार्किंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही जहां आवश्यकता है वहां डंगे (क्रैश बैरियर) लगाए जा रहे हैं, ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में माइल स्टोन, बस स्टॉप, स्ट्रीट लाइट और कैट आईज लगाने का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इन सुविधाओं के जुड़ने से हाईवे पर सफर और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक हो जाएगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






