अपनी खिसकती जमीन देख ‘झूठ’ का सहारा ले रहे पूर्व विधायक राजेंद्र राणा : विवेक कटोच

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे पर की गई टिप्पणी उनकी राजनीतिक बौखलाहट और हताशा का प्रतीक है। कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने राजेंद्र राणा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि जो व्यक्ति जनता के विश्वास के साथ दगा कर अपनी कुर्सी गंवा बैठा, वह अब अनर्गल बयानबाजी कर अपनी प्रासंगिकता बचाने की कोशिश कर रहा है।

 

विवेक कटोच ने राणा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू वह मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने प्रदेश की सबसे भीषण आपदा के दौरान खुद आधी रात को कुल्लू और मंडी की सड़कों पर उतरकर लोगों की जान बचाई। जो मुख्यमंत्री प्रकृति के रौद्र रूप से नहीं डरा, वह राणा की प्रायोजित नारेबाजी से क्या डरेगा? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा “घबराहट” नहीं बल्कि एक अति महत्वपूर्ण बैठक की व्यस्तता के कारण स्थगित हुआ है। इसे “मैदान छोड़कर भागना” कहना राजेन्द्र राणा की संकुचित मानसिकता को दर्शाता है।

 

राणा के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने पूछा राजेंद्र राणा बताएं कि उन्होंने सुजानपुर की जनता के जनादेश को निजी स्वार्थ के लिए क्यों बेचा ?सुजानपुर में ‘दलबदलू’ राजनीति के माध्यम से राजेंद्र राणा ने सुजानपुर का विकास प्रभावित करने का प्रयास किया । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने होली मेले के भव्य आयोजन के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी है और राणा के बयानों से होली मेले की भव्यता कम नहीं होगी। कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने कहा कि जनता के साथ धोखा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नहीं, बल्कि राजेंद्र राणा ने किया है जो निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्र में शामिल थे।

 

सुजानपुर की जनता भली-भांति जानती है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने विकास योजनाओं के लिए सुजानपुर विधानसभा को प्राथमिकता दी है। राजेंद्र राणा का बयान केवल मीडिया में बने रहने की एक नाकाम कोशिश है। जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सुजानपुर आएंगे और विकास की नई इबारत लिखेंगे, जिससे विरोधियों के मुंह अपने आप बंद हो जाएंगे।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh