प्राथमिक पाठशाला बफड़ी का भवन जर्जर,  एसएमसी ने नए भवन की रखी मांग 

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

राजकीय प्राथमिक पाठशाला बफड़ी के जर्जर हुए भवन को नया भवन बनाने की मांग को लेकर एसएमसी प्रधान की अगुवाई में उपायुक्त हमीरपुर से प्रतिनिधि मंडल मिला । एसएमसी सदस्यों ने बताया कि स्कूल भवन भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह चार कमरो का भवन कभी भी गिर सकता है। छत से पानी टपकने के कारण बारिश का पानी कमरों में भर रहा है। यह भवन लगभग 70 वर्ष पुराना है। इसकी दीवारें और छत गिरने की स्थिती में है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों और शिक्षकों का पाठशाला में रहना असुरक्षित है। इस जर्जर हुए भवन के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। पाठशाला का यह क्षतिग्रस्त भवन किसी बड़े हादसे का रूप ले सकता है।

उन्होंने कहा कि इस बारे में शिक्षा विभाग को कई बार पत्र द्वारा सूचित किया जा चुका है। पर अब तक विभाग द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है। अगर कोई अनहोनी दुर्घटना होती है तो शिक्षा विभाग व प्रशासन ही इसका जिम्मेदार होगा। साथ ही उन्होंने जल्द नया भवन बनाने की मांग की है ।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh