धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक महाविद्यालय, हमीरपुर में आज से तीन दिवसीय स्वरोजगार एवं कौशल विकास कार्यशाला का शुभारंभ हुआ, जिसका आयोजन इको क्लब एवं बोस बॉटनिकल सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह कार्यक्रम आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यशाला का मुख्य विषय मशरूम की खेती है, जिसमें मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. विद्या सागर शर्मा, सेवानिवृत्त उपनिदेशक, उद्यान विभाग, ने मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. शर्मा मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में 42 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं और उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक विधियों, स्वरोजगार के अवसरों तथा बाज़ारिकरण की व्यवहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ. कल्पना भंडारी ने बताया कि इस कार्यशाला में 200 से अधिक छात्रों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पटियाल, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, एवं अन्य विभागों के सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को व्यावसायिक दक्षता प्रदान कर स्वरोजगार की दिशा में सशक्त बनाना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






