पिछले 6 वर्षों से तकसीम के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहा पूर्व सैनिक

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

एक तरफ जहां प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा राजस्व सुधारों को लेकर रजिस्ट्री इंतकाल, तकसीम , बंदोबस्त तक के लिए डेडलाइन तय गई है। वहीं मुख्यमंत्री के गृह जिला का एक 62 वर्षीय पूर्व सैनिक अपनी जमीन की तकसीम के लिए पिछले छः वर्षों से पटवारी और तहसील कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है। प्रार्थी के मुताबिक पटवारी आता है , लोगों के बन्ने गाड़ चला जाता है और उनकी तकसीम नहीं हो रही। उधर तहसीलदार का कहना है कि मुझे इस सारे मामले का पता ही आज लगा है।

बताते चलें कि हमीरपुर तहसील के 62 वर्षीय पूर्व सैनिक कर्म चंद पुत्र त्रिलोक चंद गांव और पटवार सर्किल सराहकड़ ने वर्ष 2019 में तहसील कार्यालय हमीरपुर में कर्म चंद बनाम प्रीतम चंद के नाम से तकसीम की एप्लीकेशन दी थी। कर्म चंद ने बताया कि उस वक्त जो पटवारी थे उनका तबादला हो गया है अब करीब चार माह पूर्व नया पटवारी पटवार सर्किल में ज्वाइन कर गया। उन्हें भी 2019 में दायर तकसीम की एप्लीकेशन की एक्नॉलेजमेंट की कॉपी बताई गई लेकिन अभी तक तकसीम का काम शुरू नहीं हुआ। कर्म चंद ने अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर को इस बारे प्रार्थना पत्र सौंप उन्हें रिलीफ दिलाने तथा संबंधित पटवारी को जमीन की तकसीम करवाने की गुहार लगाई हैं।

इस बारे तहसीलदार हमीरपुर सभाष मल्होत्रा ने बताया कि मुझे इस मामले का आज ही पता चला है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रार्थी से मिले और लेट लतीफी के लिए संबंधित राजस्व कर्मचारी जबावतलबी की जाएगी । उन्होंने कहा कि कर्म चंद की जल्द ही तकसीम करवाई जाएगी ।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh