जिला भाजपा करेगी प्रोफेशनल मीट का आयोजन: राकेश ठाकुर

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

भारतीय जनता पार्टी, जिला हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा, केंद्र सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों के उपलक्ष्य में दिनांक 18 जून 2025 को शाम 5:00 बजे, बसंत रिजॉर्ट, हमीरपुर में प्रोफेशनल मीट का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘अमृत काल’ में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, विशेषज्ञों, एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स के साथ संवाद स्थापित करना है।

 

जिला अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, कानून, सुरक्षा, तकनीक—से जुड़े प्रमुख बुद्धिजीवियों की सहभागिता रहेगी। यह मीट विशेष रूप से यह दिखाने का प्रयास करेगी कि कैसे वर्ष 2014 के बाद भारत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर एक अनुयायी से नेता की भूमिका में परिवर्तन किया है।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि इस अवसर पर एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें 2014 से 2025 के बीच भारत सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। यह प्रदर्शनी दर्शकों को यह समझाने में सहायक होगी कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” जैसे मूल मंत्रों ने किस प्रकार राष्ट्र को एक नई दिशा दी है।

 

जिला अध्यक्ष ने कहा कि राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ डॉ. संजीव शर्मा, जो “विकसित भारत की संकल्पना और आम जनमानस की भूमिका” विषय पर अपने विचार रखेंगे, और सेवानिवृत्त कर्नल एम.आर. भारद्वाज, जो “सशक्त भारत, सुरक्षित भारत” विषय पर प्रकाश डालेंगे।

 

इस अवसर पर जिला के सभी विधायकगण, पूर्व विधायकगण, पार्टी के वरिष्ठ नेता, और शीर्ष नेतृत्व के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। प्रोफेशनल मीट में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों की राय और सुझावों को दस्तावेजीकृत कर “विकसित भारत 2047” की दिशा में ठोस अनुशंसाओं के रूप में शामिल किया जाएगा।

 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से भाजपा समाज के जागरूक वर्ग के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि आने वाले वर्षों में भारत हर क्षेत्र में समावेशी विकास, तकनीकी सशक्तिकरण और ग्लोबल नेतृत्व की ओर तेज़ी से अग्रसर हो।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh