धर्मपुर एक्सप्रेस। शिमला
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ का एक प्रतिनिधिमंडल संघ के राज्य महासचिव संजीव ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सचिवालय में भेंट करने पहुंचा। इस भेंट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रवक्ता वर्ग से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करना और शिक्षकों से संबंधित मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना था।
राज्य महासचिव संजीव ठाकुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुख मांगें रखीं जिनमें 4% महंगाई भत्ते (DA) की अधिसूचना और शीघ्र जारी करने की मांग की और संजीव ठाकुर ने प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि राज्य के शिक्षकों को भी इसका लाभ शीघ्र दिया जाए ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री महोदय से मांग की कि प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश के अनेक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि योग्य शिक्षकों को उनका हक भी नहीं मिल पा रहा है। अतः पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर सूची जारी की जाए।
ठाकुर ने मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में स्कूल प्रवक्ता संघ की चुनाव प्रक्रिया प्रदेशभर में चल रही है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के अध्यक्षों के चुनाव निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न हो चुके हैं। अब संघ के राज्य अध्यक्ष का चुनाव दिनांक 25 मई 2025 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), सुंदरनगर में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रवक्ता संघ की मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना और इन पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह एक संगठित और जागरूक शिक्षक समुदाय का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि शिक्षकों से संबंधित लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh