पंचायतीराज संस्थाओं के परिसीमन के लिए नियुक्त किए प्राधिकृत अधिकारी

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

 नगर निगम हमीरपुर और जिला की अन्य शहरी निकायों में कई ग्राम पंचायतों के विलय के बाद विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं की परिसीमन प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए संबंधित एसडीएम को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्र नादौन की परिसीमन प्रक्रिया के लिए नादौन के एसडीएम को प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार पंचायत समिति क्षेत्र बिझड़ी के प्राधिकृत अधिकारी एसडीएम बड़सर, पंचायत समिति क्षेत्र भोरंज के प्राधिकृत अधिकारी एसडीएम भोरंज, पंचायत समिति क्षेत्र बमसन और हमीरपुर के प्राधिकृत अधिकारी एसडीएम हमीरपुर तथा पंचायत समिति क्षेत्र सुजानपुर के प्राधिकृत अधिकारी एसडीएम सुजानपुर होंगे।

उपायुक्त ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन 31 मई तक कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए पंचायत समिति क्षेत्र एक इकाई होगी और जिला परिषद के वार्ड पंचायत समिति की सीमाओं का अतिक्रमण नहीं करेंगे।

हमीरपुर की पूर्ववर्ती नगर परिषद को अब नगर निगम और नगर पंचायत नादौन को अब नगर परिषद का दर्जा दिया गया है तथा इनमें कई नए क्षेत्रों को शामिल किया गया है। उधर, भोरंज और बड़सर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद इनमें कई ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसके मद्देनजर अब पंचायतीराज संस्थाओं का परिसीमन किया जाएगा।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh