धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी( झारखंड एवं जम्मू कश्मीर)दीपक शर्मा ने झारखंड में इंडिया गठबंधन सरकार को प्रचंड बहुमत प्राप्त होने पर बधाई दी है। आज जारी प्रैस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि यह झारखंड की जनता की जीत है। झारखंड में आमजन जीत गया।और सांप्रदायिक जहर घोलने वाले हार गए। उन्होंने कहा कि इस जीत में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के 45 पर्यवेक्षकों ने भी अहम भूमिका निभाई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर के नेतृत्व में सभी कांग्रेस जनों ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को सफल बनाने में दिन रात एक किया जिसकी बदौलत यह जीत हासिल हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आसाम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा को मोहरा बना कर धनबल के जोर पर , ईडी और आयकर विभागों का दुरुपयोग करके, सांप्रदायिक जहर फैला कर सत्ता हथियाने की पूरी कोशिश की लेकिन झारखंड की जनता ने भाजपा के हथकंडों को नकार कर विकास के मुद्दों को अधिमान दिया जिसके चलते इंडिया गठबंधन को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ।

दीपक शर्मा ने कहा कि जहां जहां भाजपा सत्तासीन है वहां वहां वोटिंग मशीनों में हेर फेर और धनबल के जोर पर असंवैधानिक तरीके अपना कर भाजपा सत्ता हासिल करती है। हरियाणा के बाद महाराष्ट्र इसका ताजा तरीन उदाहरण है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुकी है। झारखंड की जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है। दीपक शर्मा ने झारखंड चुनावों में जीत कर आए इंडिया गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में इंडिया गठबंधन सरकार दोबारा से जनसेवा में अहम भूमिका निभाएगी और प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाते हुए नए आयाम स्थापित करेगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






