धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
जिला की ग्राम पंचायत सेर बलौनी के गांव किरवीं के लोगों ने अपनी ही पंचायत के प्रधान पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाऐ हैं। इसी को लेकर बुधवार को वहां के स्थानीय लोगों ने जिलाधीश हमीरपुर को एक शिकायत पत्र सौंपा है। जिसमें पंचायत प्रधान पर आरोप लगाते हुए बताया गया है कि वहां पर बने एक पार्क पर पांच लाख रुपए की सरकारी धनराशि खर्च कर दी गई है। यह आंकड़ा वहां पर लगे पंचायत के सूचना पट्ट पर भी लिखित रूप से दर्शाया गया है। समस्त पंचायत वासियों का कहना है कि इस पार्क पर पांच लाख रुपए खर्च नहीं हुए हैं। जिससे वित्तीय अनियमितता साफ नजर आती है। ग्रामीण सुरेश कुमार ने बताया कि पंचायत वासियों ने जिलाधीश हमीरपुर से मांग की है कि इस मामले में शीघ्र संज्ञान ले कर कानून कार्रवाई की जाए। दर्जनों लोगों ने शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर कर जांच की मांग की है।
इस बारे में जिलाधीश हमीरपुर ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






