तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के दौरान होगी सख्त कार्रवाई

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा इस वर्ष भी 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त युवा अभियान (टीएफवाईसी 4.0) के तहत जिला हमीरपुर में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा, 2003) की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।

इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के सचिव आशीष सिंघमार के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय समन्वय समिति (एसएलसीसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अलावा पुलिस, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, सूचना एवं जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास और अन्य विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए टीएफवाईसी 4.0 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

60 दिनों के इस अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्टिंग के लिए जिला स्तर पर सभी संबंधित विभाग एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे और सीएमओ कार्यालय को रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। इन सभी गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो और अन्य जानकारी वेबपोर्टल पर अपलोड की जाएगी। कोटपा, 2003 की सख्ती से अनुपालना के अलावा शिक्षण संस्थानों के परिसरों के आस-पास 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध की अक्षरशः अनुपालना के लिए भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, अन्य संस्थानों और गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए भी पिछले वर्ष की तरह ही प्रक्रिया निर्धारित की गई है। हुक्का बार, सिगरेट की खुली बिक्री और तंबाकू उत्पादों से संबंधित अन्य सभी संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। अभियान के क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) भी गठित की गई है, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल किए गए हैं।

इस वर्चुअल बैठक में अभियान से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसी टू डीसी संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh