धर्मपुर एक्सप्रेस।हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के अंतर्गत बुधवार को हमीरपुर में भाजपा ने विशाल पथ यात्रा निकालकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ जोरदार राजनीतिक हुंकार भरी। इस अवसर पर हमीरपुर बाईपास स्थित कुमार पैलेस में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से भाग लिया। सम्मेलन में हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, देहरा और धर्मपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं का कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सम्मेलन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुमार पैलेस से गांधी चौक तक पथ यात्रा निकाली। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने तथा कांग्रेस की कथित अराजक एवं नकारात्मक राजनीति के विरुद्ध जनजागरण का आह्वान किया।
*राहुल गांधी अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रहे हैं : अनुराग सिंह ठाकुर*
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय लगातार संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अविश्वास का वातावरण पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद बिहार और केरल सहित विभिन्न राज्यों में चुनाव हुए हैं। यदि ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर कांग्रेस सवाल उठा रही है, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या चुनाव परिणामों के आधार पर केरल के मुख्यमंत्री भी इस्तीफा देंगे? कांग्रेस को तय करना चाहिए कि उसके आरोप सही हैं या फिर कर्नाटक और केरल के मुख्यमंत्रियों का चुनावी जनादेश।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति का अंदाजा उसके छात्र संगठन की चुनावी पराजयों से भी लगाया जा सकता है। पंजाब विश्वविद्यालय से लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय तक कांग्रेस का छात्र संगठन चुनावों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक असफलताओं और संगठनात्मक कमजोरियों की जिम्मेदारी लेने के बजाय भाजपा पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं।
दिल्ली में कांग्रेस और उसके सहयोगियों की रैली पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों की भीड़ जुटाने के दावे किए गए, लेकिन वास्तविक उपस्थिति दावों के अनुरूप नहीं रही। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को पहले ही नकार चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर अनावश्यक सवाल खड़े कर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इस राजनीतिक रवैये को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखें।
*कांग्रेस विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है : डॉ. राजीव बिंदल*
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है, लेकिन कांग्रेस देश की इस विकास यात्रा को बाधित करने वाली राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के हाथों में खेलकर भारत की लोकतांत्रिक और राष्ट्रीय संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने जिन उम्मीदों के साथ कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, सरकार उन पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने प्रदेश सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल को महिला विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार के आरोपों और जनविरोधी फैसलों से घिरा हुआ बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कार्यप्रणाली और कांग्रेस के चुनावी वादों का हिसाब मांग रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाजपा के पांच गुटों में बंटे होने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को भाजपा की चिंता करने के बजाय पहले अपनी पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि यदि आज हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव करवाए जाएं तो भाजपा सभी 68 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी करेगी।
इस अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल, विक्रम ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा प्रदेश सरकार की नीतियों एवं विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





