धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा समीरपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान एवं कमलेश कुमारी, जिला परिषद के सदस्यगण, भोरंज विधानसभा के नवनियुक्त प्रभारी सुशील ठाकुर, भाजपा भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर एवं समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि संविधान दिवस हमें उस ऐतिहासिक अवसर की याद दिलाता है, जब 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी संविधान के आधार पर 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य देशवासियों को संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी का एहसास करवाना है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में संविधान निर्माण की प्रक्रिया के प्रमुख शिल्पकार रहे। उन्होंने अत्यंत गहन अध्ययन, दूरदर्शिता और असाधारण विधिक एवं राजनीतिक समझ के साथ एक ऐसे संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा है।
प्रोफेसर धूमल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का मानना था कि किसी भी लोकतंत्र की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले। भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान करते हुए जाति, धर्म, लिंग और सामाजिक स्थिति से ऊपर उठकर सभी को समान अधिकारों की गारंटी दी है। संविधान में निहित मौलिक अधिकार, लोकतांत्रिक संस्थाएं और स्वतंत्र न्यायपालिका देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मजबूती के आधार स्तंभ हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का आधार है। संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आज आवश्यकता है कि हम संविधान की मूल भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें और एक ऐसे विकसित, समरस एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो।
प्रोफेसर धूमल ने सभी से डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों और संविधान की भावना का अनुसरण करने का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन ही संविधान दिवस पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






