धर्मपुर एक्सप्रेस। ऊना
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जेन-जी के इस दौर में राजनीति में वही नेता सफल होंगे, जो विकास, जनकल्याण और शिक्षा को प्राथमिकता देंगे। आज की युवा पीढ़ी जागरूक है और वह काम तथा परिणामों के आधार पर नेतृत्व का मूल्यांकन करती है। इसलिए युवाओं को विकास के मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए और हरोली के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए।
वे रविवार को हरोली में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अधिकांश प्रमुख मसलों का समाधान किया गया है। हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य क्षेत्र में चल रहे हैं। सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। ऐसे में हरोली का युवा अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखे और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात कहे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली की पहचान विकास के कारण बनी है। क्षेत्र में कहीं चौक विकसित हो रहे हैं, कहीं रेस्ट हाउस, पार्क और तालाब बन रहे हैं। हर पंचायत और क्षेत्र में कोई न कोई विकास कार्य नजर आएगा। उन्होंने कहा कि करीब 444 करोड़ रुपये की लागत से अजौली मोड़-पोलियां सड़क के विस्तारीकरण की परियोजना को मंजूरी मिली है, जबकि पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना और नए कारोबार के रास्ते तैयार करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली युवा कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियों में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लिया है। युवा कांग्रेस की चार से पांच हजार युवाओं की बड़ी रैलियां इस बात का प्रमाण हैं कि क्षेत्र का युवा संगठन के साथ मजबूती से जुड़ा है। उन्होंने संगठन के पुराने साथियों के अनुभवों का लाभ लेने और नए युवाओं को साथ जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी मिलकर प्रयास करें। संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए और विभिन्न क्षेत्रों से सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएं।
उन्होंने कहा कि रोजगार और विकास के साथ युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक रहना होगा। हरोली के युवाओं में ऊर्जा, क्षमता और नेतृत्व का सामर्थ्य है। इस ताकत को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए संगठन को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि हरोली के युवाओं को आक्रामक और सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा क्षेत्र की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का मजबूती से जवाब देना चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस के सभी संगठनों से आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस और सेवादल सहित सभी संगठनों का लक्ष्य एक है। जब मंजिल एक है तो आपसी मतभेद और प्रतिस्पर्धा के बजाय एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। सभी संगठन मिलकर काम करेंगे तो प्रदेश में कांग्रेस की ताकत और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि हरोली की जनता ने लगातार 25 वर्षों से उन्हें अपना प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है। यह विश्वास और समर्थन उनकी सबसे बड़ी ताकत है। प्रदेश की राजनीति में हरोली का जो सम्मान और पहचान बनी है, उसे कायम रखने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि भी हरोली में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। शिक्षा संस्थानों को बेहतर बनाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के साथ-साथ एनएसयूआई को भी सक्रिय किया जाए और कॉलेजों में युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए।
उन्होंने ब्लॉक और युवा कांग्रेस की कमेटियों को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इनमें अलग-अलग क्षेत्रों के सक्रिय और समर्पित युवाओं को शामिल किया जाए। संगठन की मजबूती के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हरोली का परचम प्रदेश में बुलंद रहना चाहिए और इसके विकास तथा सम्मान के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत रॉय तथा युवा कांग्रेस हरोली के नवनियुक्त अध्यक्ष अंकुश राणा ने भी अपने विचार रखे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






