धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
शिव शक्ति युवा मंडल बकारटी द्वारा माय भारत के सहयोग आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ उपाध्यक्ष एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव रहे नरेंद्र अत्री ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवा मंडलों द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएं । इस मौके पर राजाराम युवक मंडल अध्यक्ष दीक्षित गौतम, परशुराम युवा मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा, शिव शक्ति युवक मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा विशेष तौर पर मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। आज आवश्यकता है कि युवा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।
प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) और एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए। रस्साकशी में युवा मंडल बकारटी ने प्रथम तथा युवा मंडल नालटी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में मोहित प्रथम, अनुराग शर्मा द्वितीय तथा शिवम गौतम तृतीय रहे। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में युवा मंडल बकारटी ने प्रथम तथा युवा मंडल जंगल रूप ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अंत में आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






