धर्मपुर एक्सप्रेस। सरकाघाट
जिला मंडी, उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत बलद्वाड़ा थाना क्षेत्र में जबोठी खड्ड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। इस हादसे में होमगार्ड जवान जयपाल निवासी भद्रवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएसपी सरकाघाट के चालक की बेटी के विवाह समारोह से वापस लौटते समय एक निजी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खड्ड में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार डीएसपी सरकाघाट के गनमैन संजय कुमार की थी। हादसे में कार सवार होमगार्ड जवान जयपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, कार चला रहे संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जवान की असामयिक मौत से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





