ब्रेकिंग न्यूज़

20 नवंबर को आम आदमी पार्टी का विधानसभा घेराव, कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ धर्मशाला में बुलंद होगी जनता की आवाज

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

 हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों और वादाखिलाफी के खिलाफ आम आदमी पार्टी 20 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करेगी। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया करेंगे। इसमें हमीरपुर लोकसभा प्रभारी छाया तिवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेशभर से कार्यकर्ता भाग लेंगे।

 

आम आदमी पार्टी का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने, कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने जैसी गारंटियां दी गई थीं, लेकिन आज भी जनता इन वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही है।

इस अवसर पर हमीरपुर लोकसभा प्रभारी छाया तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता को कई गारंटियां दी थीं, लेकिन आज उन गारंटियों का लाभ आम जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंचा है। प्रदेश की महिलाएं, युवा और कर्मचारी सरकार से जवाब मांग रहे हैं। आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। 20 नवंबर का विधानसभा घेराव इसी जवाबदेही की मांग को लेकर किया जा रहा है।

पार्टी का सवाल है कि आखिर चुनाव के समय किए गए वादों का हिसाब जनता को कब मिलेगा? महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार और प्रदेश के विकास के नाम पर किए गए वादों की वास्तविक स्थिति क्या है?

डॉ. सुमित पुन्याल ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक पद या व्यक्तिगत स्वार्थ की नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। कांग्रेस सरकार को जनता से किए गए वादों का जवाब देना होगा। अब केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, जनता को अपने अधिकारों का हिसाब चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले में भी विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। जिले से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचकर इस आंदोलन में भाग लेंगे। आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के सवालों को सरकार के सामने रखेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh