ब्रेकिंग न्यूज़

मुख्यमंत्री की बड़सर महाविद्यालय में MA की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा हकीकत से कोसों दूर : इन्द्रदत्त लखनपाल

धर्मपुर एक्सप्रेस। बड़सर

बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजकीय महाविद्यालय बड़सर से संबंधित प्रश्न उठाकर सरकार से वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की। विधानसभा में माननीय शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए जवाब से मुख्यमंत्री की बड़सर महाविद्यालय में MA की कक्षाएं जल्द शुरू करने की घोषणा की वास्तविकता सामने आ गई है।

इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बड़सर आकर राजकीय महाविद्यालय में MA की कक्षाएं जल्द शुरू करने की घोषणा करते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। सरकार की घोषणाएं केवल मंचों और प्रचार तक सीमित रह गई हैं, जबकि विद्यार्थियों को आज भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं का इंतजार है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में शिक्षा मंत्री के जवाब से स्पष्ट हुआ है कि बड़सर महाविद्यालय में शिक्षकों के कई पद रिक्त पड़े हैं। इसके बावजूद सरकार विद्यार्थियों की कम संख्या का तर्क देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। सवाल यह है कि जब महाविद्यालय में पर्याप्त शिक्षक ही उपलब्ध नहीं होंगे, तो विद्यार्थी वहां प्रवेश लेने और शिक्षा ग्रहण करने के लिए कैसे प्रेरित होंगे?

विधायक ने कहा कि पहले शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा जाना चाहिए, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़े और उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित हों। केवल विद्यार्थियों की कम संख्या का हवाला देकर MA की कक्षाएं शुरू करने से पीछे हटना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।

उन्होंने प्रदेश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। एक ओर मुख्यमंत्री बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कुछ लोग भी इन घोषणाओं का प्रचार कर राजनीतिक श्रेय लेने में लगे हैं, जबकि वास्तविकता विधानसभा में दिए गए सरकारी जवाब से जनता के सामने आ चुकी है।

इन्द्रदत्त लखनपाल ने सरकार से मांग की कि राजकीय महाविद्यालय बड़सर में शिक्षकों के सभी रिक्त पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जाएं तथा मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप MA की कक्षाएं शीघ्र शुरू की जाएं। बड़सर के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करने के लिए मजबूर न होना पड़े, इसके लिए सरकार ठोस और समयबद्ध कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि बड़सर की जनता को केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं, बल्कि धरातल पर विकास, मजबूत शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के लिए बेहतर भविष्य चाहिए। जनता सरकार की घोषणाओं और उनके क्रियान्वयन के बीच के अंतर को भली-भांति समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब अवश्य देगी।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh