धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा इस वर्ष भी 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त युवा अभियान (टीएफवाईसी 4.0) के तहत जिला हमीरपुर में भी सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा, 2003) की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जा रही है और जिला के सभी शिक्षण संस्थानों, अन्य परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) का गठन किया गया है। एडीसी अभिषेक गर्ग ने वीरवार को डीएलसीसी में शामिल स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, सूचना एवं जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके टीएफवाईसी 4.0 की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के तंबाकू उत्पाद की बिक्री के लिए लाइसेंस अनिवार्य है। 18 वर्ष से कम आयु के युवाओं एवं बच्चों को ये उत्पाद बेचना और शिक्षण संस्थानों के आस-पास 100 मीटर के दायरे में इनकी बिक्री भी कानूनी अपराध है। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और खुली सिगरेट बेचने पर भी कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। जिला में इन सभी नियमों एवं अधिनियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग त्वरित कदम उठाएं तथा अधिक से अधिक चालान करें। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, अन्य संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया अतिशीघ्र पूर्ण करें।
एडीसी ने बताया कि जिला में पुलिस ने इस वर्ष 31 अक्तूबर तक कोटपा, 2003 के उल्लंघन के 3689 चालान किए हैं, जिनमें 3.78 लाख रुपये से अधिक जुर्माना किया गया है। अक्तूबर माह के दौरान ही 340 चालान करके कुल 37 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य भी संस्थान के आस-पास 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के चालान कर सकते हैं।
बैठक में सीएमओ डॉ. सतीश कुमार फोतेदार और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने अभियान का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एएसपी राजेश कुमार, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






