पुराने बस स्टैंड की जगह अंडरग्राउंड पार्किंग और खुले व्यापार मंडल ने उठाई मांग मैदान की व्यापार मंडल ने उठाई मांग

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर

पुराने बस स्टैंड पर प्रस्तावित सिटी सेंटर को लेकर व्यापार मंडल समिति के आंतरिक सर्वे में व्यापारियों की राय सामने आई है। सर्वे के अनुसार करीब 90 प्रतिशत व्यापारी चाहते हैं कि पुराने बस स्टैंड पर दुकानों का निर्माण न किया जाए, बल्कि नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग और ऊपर खुला मैदान बनाया जाए। व्यापार मंडल का कहना है कि शहर के बीचोंबीच सार्वजनिक आयोजनों के लिए कोई खुला स्थान नहीं है, ऐसे में इस भूमि का उपयोग जनहित में किया जाना चाहिए।

 

व्यापार मंडल समिति द्वारा करवाए गए आंतरिक सर्वे में व्यापारियों के समक्ष चार विकल्प रखे गए थे। इनमें सिटी सेंटर का विरोध करना, विरोध नहीं करना, दुकानों का निर्माण नहीं करना तथा नीचे पार्किंग और ऊपर खुला मैदान बनाने जैसे विकल्प शामिल थे।

 

सर्वे में करीब 46 प्रतिशत लोगों ने बेसमेंट में पार्किंग और ऊपर खुले मैदान के निर्माण का समर्थन किया। उनका कहना था कि इस मैदान में रामलीला, राजनीतिक कार्यक्रम, हमीर उत्सव सहित अन्य सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जा सकते हैं। वहीं, लगभग 29 प्रतिशत लोगों ने भी दुकानों के निर्माण के बजाय पार्किंग और ग्राउंड बनाने की राय दी। करीब 15 प्रतिशत लोगों ने सिटी सेंटर का विरोध करने की बात कही, जबकि लगभग 10 प्रतिशत लोगों ने विरोध नहीं करने का समर्थन किया।

 

जनता की भावनाओं के अनुरूप हो पुराने बस स्टैंड का विकास

 

व्यापार मंडल का मत है कि पुराने बस स्टैंड पर प्रस्तावित सिटी सेंटर को लेकर जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। व्यापार मंडल दुकानों के निर्माण का विरोध करते हुए इस स्थान पर अंडरग्राउंड पार्किंग और ऊपर खुले मैदान की व्यवस्था चाहता है। मंडल का कहना है कि शहर में सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्याप्त खुला स्थान नहीं है। यदि यहां मैदान विकसित किया जाता है तो शहरवासियों को विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

 

मुख्यमंत्री से उचित निर्णय की उम्मीद

 

व्यापार मंडल समिति ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री शहरवासियों और व्यापारियों की भावनाओं को समझते हुए इस मामले में उचित निर्णय लेंगे। मंडल का कहना है कि पुराने बस स्टैंड की भूमि का उपयोग ऐसा होना चाहिए, जिससे पूरे शहर को लाभ मिले। अंडरग्राउंड पार्किंग और खुले मैदान का निर्माण हमीरपुर शहर के भविष्य और जनहित के लिहाज से बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

 

व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि उसकी मांग सिटी सेंटर के नाम पर दुकानों के निर्माण के बजाय पार्किंग और खुले मैदान की व्यवस्था को लेकर है, ताकि शहर को यातायात सुविधा के साथ-साथ सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी एक बेहतर स्थान मिल सके।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh