धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
देवभूमि हिमाचल के हमीरपुर में इन दिनों कोलकाता की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। स्वर्णकारों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से यहां तीसरी बार मां महाकाली की भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, बल्कि कोलकाता की समृद्ध धार्मिक संस्कृति और परंपराओं से भी स्थानीय लोग रूबरू हो रहे हैं।
आयोजन के लिए मां महाकाली की भव्य प्रतिमा विशेष रूप से चंडीगढ़ से लाई गई है। प्रतिमा को आकर्षक ढंग से स्थापित किया गया है, जहां श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं और विधिवत पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि पूजा की पारंपरिक विधियों और धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न करवाने के लिए कोलकाता से ही कलाकार पहुंचे हैं।
कोलकाता के कलाकार अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ विशेष अंदाज में मां महाकाली की आराधना कर रहे हैं। उनके पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज और पूजा की विशिष्ट शैली से आयोजन स्थल पर कोलकाता जैसा धार्मिक माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के लिए यह अनुभव काफी खास है, क्योंकि उन्हें अपने शहर में ही बंगाल की प्रसिद्ध महाकाली पूजा की परंपरा को करीब से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






