धर्मपुर एक्सप्रेस। पालमपुर
भारतीय जनता युवा मोर्चा की आगामी 18 नवंबर को पालमपुर में आयोजित होने वाली पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को पालमपुर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने की। बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित युवा मोर्चा के विभिन्न मंडलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति बैठक को ऐतिहासिक, भव्य एवं सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई तथा पदाधिकारियों को अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने बताया कि 18 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक जिला पालमपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से युवा मोर्चा के सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता एवं संगठन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। लगभग 300 कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रहने की संभावना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हुए कहा कि “भारतीय जनता युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। युवा किसी भी संगठन और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवा जिस दिशा में कदम बढ़ाते हैं, जमाना उसी दिशा में आगे बढ़ता है। देश और समाज के भविष्य की दिशा तय करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होती है।”
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा केवल एक राजनीतिक संगठन का युवा प्रकोष्ठ नहीं, बल्कि देश के भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने वाला महत्वपूर्ण मंच है। संगठन का प्रत्येक युवा कार्यकर्ता राष्ट्रहित, समाजसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और जनहित के संकल्प के साथ कार्य करे। भाजपा की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को युवाओं के बीच ले जाने में युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. सन्नी शुक्ला ने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा केवल संगठन से जुड़ें ही नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा, अनुशासन और कार्यसंस्कृति को अपने व्यवहार में भी उतारें। बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक युवा मोर्चा को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाते हुए अधिक से अधिक युवाओं को संगठन के साथ जोड़ें।
उन्होंने कहा कि 18 नवंबर की प्रदेश कार्यसमिति बैठक युवा मोर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगी, जिसमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्ययोजना, युवाओं की भागीदारी, संगठनात्मक विस्तार और बूथ स्तर पर युवा शक्ति को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस बैठक के माध्यम से प्रदेशभर के युवा पदाधिकारियों को एक मंच पर लाकर संगठनात्मक समन्वय और कार्यक्षमता को नई दिशा प्रदान की जाएगी।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा मोर्चा प्रभारी बिहारी लाल शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन की पहचान उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के बीच सकारात्मक भूमिका निभाएं।
बैठक में 18 नवंबर के आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रदेशभर से आने वाले पदाधिकारियों के स्वागत, मंडलवार जिम्मेदारियों, आवागमन, कार्यक्रम संचालन और आपसी समन्वय को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रागिनी , जिला पालमपुर प्रभारी विनोद , भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक , भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय , भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला , युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुशील , शाश्वत कपूर , जिला पालमपुर के राकेश शर्मा सहित युवा मोर्चा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष तथा अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने 18 नवंबर को पालमपुर में आयोजित होने वाली पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला जी के नेतृत्व में आयोजित यह बैठक युवा मोर्चा की संगठनात्मक सक्रियता, अनुशासन और सामूहिक शक्ति को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। पालमपुर में होने वाला यह प्रदेश स्तरीय आयोजन हिमाचल प्रदेश में युवा मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh





