पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चढ़ा दी थार, दंपति की मौत

धर्मपुर एक्सप्रेस। ऊना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दराट से हमला करने और थार गाड़ी से परिवार के सदस्यों को कुचलने के आरोप लगे हैं। घटना में एक दंपति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस थाना ऊना में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, केशव ठाकुर निवासी बदोली ने शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान परमजीत ने केशव ठाकुर के सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ दराट से मारपीट की। इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उसकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।

 

एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार के दो लोग भी घायल हुए हैं। दोनों शव मोर्चरी में रखे गए हैं. पुलिस की टीम आगमी तफ्तीश में जुटी है।

 

वहीं, दूसरे पक्ष के अजमेर सिंह निवासी बदोली ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दीपावली की रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे। उन्होंने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार में गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उसकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh