धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर
ग्राम पंचायत अघार में कोठी के समीप ऊना-मंडी मुख्य मार्ग के किनारे लगे कचरे के ढेर स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। हैरानी की बात है कि पंचायत ने जिस स्थान पर कचरा फेंकने पर 5000 रुपये जुर्माने का बोर्ड लगाया है, वहीं खुले में गंदगी फेंकी जा रही है।
कचरे के ढेरों के साथ नाले में गंदगी जमा हो गई है। मुख्य मार्ग से रोजाना गुजरने वाले लोगों को भी इस गंदगी से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में गंदगी का मुद्दा पहले भी कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन हालात में सुधार होता नजर नहीं आ रहा। जुर्माने की चेतावनी के बावजूद लोग खुले में कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर स्वच्छता नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कार्रवाई कब होगी और पंचायत इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाएगी?
Author: Dharampur Express
Himachal Pradesh






